प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (17 अगस्त 2025) को दिल्ली में दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड और अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) शामिल हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान पीएम मोदी ने रोहिणी में रोड शो भी किया। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे।
11 हजार करोड़ की लागत से बनी परियोजनाएं
करीब 11,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ये दोनों परियोजनाएं दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक की बड़ी समस्या को कम करने में अहम साबित होंगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, इन मार्गों के शुरू होने से जहां यात्रियों को राहत मिलेगी, वहीं मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी सुगम होगी।
दिल्ली से गुजरने वालों को मिलेगी राहत
UER-II प्रोजेक्ट के शुरू होने के बाद दिल्ली से होकर यात्रा करने वाले लाखों लोगों का सफर बेहद आसान हो जाएगा। पहले सिंघु बॉर्डर से द्वारका एक्सप्रेसवे तक की दूरी तय करने में लगभग ढाई घंटे लगते थे। अब वही सफर केवल 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
3 लाख वाहनों को नहीं आना होगा दिल्ली के अंदर
नए एक्सप्रेसवे से रोजाना दिल्ली में प्रवेश करने वाले करीब 3 लाख वाहन अब शहर के भीतर नहीं घुसेंगे। इससे राजधानी की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा। साथ ही, लोगों को प्रदूषण और समय की बचत का फायदा भी मिलेगा।
राजधानी को मिलेगा नया इंफ्रास्ट्रक्चर
इन परियोजनाओं के उद्घाटन के साथ दिल्ली को आधुनिक सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर का तोहफा मिला है। पीएम मोदी ने कहा कि यह कदम न केवल दिल्लीवासियों बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र के लिए परिवर्तनकारी साबित होगा।
