क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होगी। इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी और 19 मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फॉर्मेट टी20 रखा गया है।
भारत 10 सितंबर से करेगा अभियान की शुरुआत
भारतीय क्रिकेट टीम अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 14 सितंबर को होगा वो मुकाबला, जिस पर पूरी दुनिया की निगाहें टिक जाती हैं — भारत बनाम पाकिस्तान। चूंकि दोनों टीमें द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलतीं, इसलिए हर बार आईसीसी या एसीसी इवेंट में होने वाली भिड़ंत का रोमांच कई गुना बढ़ जाता है। इस बार भी माहौल कुछ अलग जरूर है, लेकिन विज्ञापन बाजार में इस मैच की डिमांड सबसे ज्यादा है।
सोनी नेटवर्क के पास मीडिया राइट्स
एशिया कप 2025 के प्रसारण अधिकार सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया के पास हैं। टीवी पर लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि डिजिटल दर्शकों के लिए मैचों की स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर देखी जा सकेगी। ब्रॉडकास्टर इस मौके को विज्ञापनों के जरिए बड़े स्तर पर भुनाना चाहता है।
भारत के मैचों पर विज्ञापन दरें सबसे ज्यादा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनी नेटवर्क ने भारत के मैचों के लिए टीवी विज्ञापनों की दरें सबसे ऊंची तय की हैं। भारत के अभी ग्रुप स्टेज में तीन मैच पक्के हैं, लेकिन टीम के सुपर-4 और फाइनल तक जाने की प्रबल संभावना है। ऐसे में भारत के कुल मैच 6 या 7 तक पहुंच सकते हैं। यदि पाकिस्तान भी सुपर-4 में पहुंचा तो दोनों टीमों के बीच कम से कम दो मुकाबले होंगे और फाइनल तक पहुंचने पर भारत-पाक भिड़ंत तीन बार हो सकती है।
10 सेकंड के लिए 14 से 16 लाख रुपये
इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के मैचों में टीवी विज्ञापन दिखाने की दर प्रति 10 सेकंड 14 से 16 लाख रुपये तय की गई है। यानी कोई भी कंपनी अगर भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले में अपना विज्ञापन दिखाना चाहती है तो उसे मोटी रकम चुकानी होगी।
स्पॉन्सरशिप पैकेज भी महंगे
टीवी विज्ञापनों में प्रजेंटिंग स्पॉन्सरशिप के लिए कंपनियों को लगभग 18 करोड़ रुपये, जबकि एसोसिएट स्पॉन्सरशिप के लिए करीब 13 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे। जाहिर है कि यह डील्स सिर्फ बड़ी कंपनियों और ब्रांड्स के लिए ही संभव होंगी।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी बड़ा खेल
सिर्फ टीवी ही नहीं, डिजिटल पर भी विज्ञापनों का खेल जमकर होगा। को-प्रेजेंटिंग और हाइलाइट्स पार्टनर के लिए प्रति कंपनी 30 करोड़ रुपये, जबकि को-पावर्ड बाय पैकेज के लिए लगभग 18 करोड़ रुपये तय किए गए हैं। डिजिटल विज्ञापनों में से 30 प्रतिशत स्लॉट भारत के मैचों के लिए रिजर्व रखे गए हैं।
टूर्नामेंट का ग्रुपिंग
एशिया कप में कुल 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है:
-
ग्रुप-ए: भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई
-
ग्रुप-बी: अफगानिस्तान, बांग्लादेश, हांगकांग और श्रीलंका
रोमांच और बिजनेस दोनों का संगम
एशिया कप हमेशा से क्रिकेट का बड़ा त्योहार माना जाता है, खासकर भारत-पाक मैच को लेकर। इस बार भी खेल का मज़ा और विज्ञापन का बाजार, दोनों चरम पर होंगे। जहां एक ओर फैंस मैदान पर रन और विकेट का लुत्फ उठाएंगे, वहीं कंपनियां करोड़ों रुपये खर्च कर दर्शकों तक पहुंचने की होड़ में रहेंगी।
