सोने की कीमतें लगातार नए कीर्तिमान बना रही हैं। मंगलवार को एमसीएक्स (MCX) पर सोना 1,06,111 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं, चांदी 1,24,536 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार कर रही है। सोने की इस रिकॉर्ड बढ़त ने निवेशकों और गहनों के कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल मचा दी है।
चांदी के भाव में हल्की नरमी
पिछले दिन रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद बुधवार सुबह चांदी के वायदा कारोबार की शुरुआत थोड़ी नरमी के साथ हुई। हालांकि बाद में इसमें फिर से सुधार देखा गया और यह मजबूती से कारोबार करने लगी। विश्लेषकों का कहना है कि त्योहारी सीज़न और अंतरराष्ट्रीय बाज़ार की रफ्तार का असर चांदी पर भी साफ़ दिख रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाज़ार का हाल
वैश्विक बाज़ार में भी सोना और चांदी मजबूती से कारोबार कर रहे हैं। कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 3,600 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जबकि पिछली बंद कीमत 3,592.20 डॉलर थी। खबर लिखे जाने तक सोने में 5 डॉलर की बढ़त दर्ज हुई और यह 3,597.20 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इस साल सोने ने 3,616.90 डॉलर प्रति औंस का उच्चतम स्तर भी छू लिया है।
वहीं, कॉमेक्स पर चांदी 41.15 डॉलर प्रति औंस पर खुली, जबकि पिछली बंद कीमत 41.07 डॉलर थी। फिलहाल यह 0.19 डॉलर बढ़कर 41.26 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।
निवेशकों का बढ़ा भरोसा
विशेषज्ञों का मानना है कि सोने और चांदी की लगातार बढ़ती कीमतें निवेशकों के भरोसे को दर्शाती हैं। आर्थिक अनिश्चितता और वैश्विक उतार-चढ़ाव के बीच लोग सुरक्षित निवेश के लिए कीमती धातुओं की ओर रुख कर रहे हैं। आने वाले दिनों में सोने-चांदी के भाव में और तेजी देखने को मिल सकती है।
