पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए पंजाब रेवेन्यू ऑफिसर एसोसिएशन आगे आया है। एसोसिएशन ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये का योगदान दिया है।
मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां को सौंपा चेक
एसोसिएशन की ओर से यह राशि का चेक पंजाब के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां को सिविल सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में सौंपा गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों में तहसीलदार सुखचरण सिंह चन्नी, तहसीलदार हरमिंदर सिंह घोलिया, नायब तहसीलदार हरजोत सिंह और नायब तहसीलदार पवन कुमार मौजूद रहे।
सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल
माल मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने एसोसिएशन के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने कहा कि संकट के समय इस तरह की सामूहिक पहल से न सिर्फ प्रभावित परिवारों को मदद मिलती है बल्कि समाज में एकता और संवेदनशीलता का संदेश भी जाता है।
पुनर्वास कार्यों को मिलेगी गति
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष में मिल रहे ऐसे योगदान राहत और पुनर्वास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को समय पर मदद पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में समाज के सभी वर्गों का सहयोग बेहद जरूरी है।
विशेष अतिथि भी रहे मौजूद
इस मौके पर पंजाब राज्य स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज के चेयरमैन नील गर्ग और मंत्री के निजी सचिव बलविंदर सिंह भी उपस्थित थे।
