पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व सांसद महिंदर सिंह केपी के बेटे रिची केपी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रार्थना की कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा – “जालंधर से वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व सांसद महिंदर सिंह केपी जी के बेटे रिची केपी की सड़क हादसे में मौत की खबर मिली। इस दुखद घड़ी में परिवार के साथ हमारी पूरी संवेदना है। परवरदिगार से अरदास है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में वास दें।”
मॉडल टाउन में हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा बीती रात जालंधर के मॉडल टाउन स्थित माता रानी चौक के पास हुआ। यहां तीन गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में रिची केपी की मौके पर ही मौत हो गई।
टैक्सी चालक घायल, कार चालक फरार
हादसे में एक टैक्सी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, बताया जा रहा है कि क्रेटा कार का चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया और वाहनों को हटवाया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे की पूरी जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
