कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी रविवार को पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर पहुंचे। सुबह वे अमृतसर के राजासांसी हवाई अड्डे पर उतरे और सीधे अजनाला और रमदास इलाके की ओर रवाना हो गए। इस दौरान राहुल गांधी ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
गांव घोनेवाल में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात
अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी गांव घोनेवाल भी पहुंचे। यह वही गांव है जहां कुछ दिन पहले बांध टूटने से फसलें और कई घर पानी में डूब गए थे। यहां उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनका हाल जाना और आश्वासन दिया कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुੱਢा साहिब में मत्था टेका
गांव का दौरा करने के बाद राहुल गांधी अमृतसर स्थित गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुੱਢा साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने नतमस्तक होकर राज्य और देश की खुशहाली की अरदास की। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी उनके साथ मौजूद रहे।
गुरदासपुर और पठानकोट का भी करेंगे दौरा
अमृतसर के बाद राहुल गांधी गुरदासपुर और पठानकोट के बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी जायजा लेंगे। उनका कहना है कि प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाना और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
पंजाब में बाढ़ का बड़ा असर
गौरतलब है कि पंजाब के 23 जिलों के करीब 2,097 गांव बाढ़ की चपेट में आए थे। इस आपदा में लगभग 1,91,926 हेक्टेयर फसलें पानी में डूब गईं। हजारों परिवारों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
प्रधानमंत्री ने किया था राहत राशि का ऐलान
राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पंजाब की स्थिति का जायजा ले चुके हैं। कुछ दिन पहले अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी ने राज्य को बाढ़ राहत के लिए 1,600 करोड़ रुपये की मदद देने की घोषणा की थी।
