अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तान से जुड़े नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में टीम ने अमृतसर ग्रामीण के गांव बेहड़वाल निवासी पवनदीप सिंह को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 5.032 किलो हेरोइन बरामद की गई है।
जांच में सामने आया है कि पवनदीप सिंह सीधे विदेश में बैठे हैंडलर हरपाल सिंह के इशारों पर काम कर रहा था। हरपाल सिंह अमृतसर ग्रामीण का रहने वाला है और इस समय अमेरिका में रह रहा है। पुलिस के मुताबिक, वह पाकिस्तान स्थित तस्करों के साथ सीधे संपर्क में था और सीमा पार से कई बार हेरोइन और हथियारों की खेप मंगवा चुका है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पवनदीप से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की तह तक जाने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं। यानी यह पता लगाया जाएगा कि पहले किस-किस को माल सप्लाई किया गया था और आगे किन तक इसकी डिलीवरी होनी थी।
इस मामले में थाना एसएसओसी, अमृतसर में FIR दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि पंजाब में नशा तस्करी की जड़ें काटने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। पंजाब पुलिस ने दोहराया कि वह नशे के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने और राज्य को नशा-मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि पाकिस्तान से नशा तस्करी की कोशिशें लगातार जारी हैं, लेकिन पंजाब पुलिस की सतर्कता के चलते इन तस्करों को बार-बार करारा झटका लग रहा है।
