पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज हलका दिडबा के बाढ़ प्रभावित इलाकों में निवासियों को तत्काल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेस्ट हाउस, संगरूर से तीन एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन एम्बुलेंसों में डॉक्टर, नर्स और फार्मासिस्ट मौजूद रहेंगे, जो बाढ़ के बाद उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करने में मदद करेंगी। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि यह सेवा अगले 15 दिनों तक जारी रहेगी और इस दौरान प्रभावित लोगों को मुफ्त चिकित्सीय जांच और दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी। गंभीर मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार बाढ़ पीड़ितों को बेहतर मुआवजा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आगामी सत्र में आपदा प्रबंधन अधिनियम, खनन अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों में आवश्यक संशोधन कैबिनेट की मंजूरी के बाद पेश किए जाएंगे।”
उन्होंने यह भी बताया कि विदेशों में बसे पंजाबियों के योगदान से पुनर्बहाली के प्रयासों को मजबूती मिली है। इस संदर्भ में वित्त मंत्री ने “रंगला पंजाब चढ़दी कला फंड” अभियान को सफल करार दिया और प्रवासी भारतीयों का धन्यवाद किया, जिन्होंने इस कठिन समय में सहायता का हाथ बढ़ाया।
फिलहाल, इन एम्बुलेंसों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी से फैलने वाली बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों पर नजर रखी जाएगी। वित्त मंत्री ने जनता से अपील की कि वे इन सुविधाओं का लाभ उठाएं और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की स्थिति में तुरंत मदद प्राप्त करें।
इस अवसर पर वित्त मंत्री के ओएसडी एडवोकेट तपींदर सिंह सोही, स्वास्थ्य विभाग की टीमें और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।
वित्त मंत्री ने विश्वास दिलाया कि पंजाब सरकार बाढ़ प्रभावित आबादी की मदद के लिए हर संभव कदम उठाएगी, ताकि राज्य फिर से मजबूत और खुशहाल बन सके।
