पंजाब सरकार लगातार सड़क ढांचे को बेहतर बनाने और विकास की रफ्तार को तेज करने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग (PWD) अहम भूमिका निभा रहा है। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने जानकारी दी कि राज्य में अलग-अलग योजनाओं के तहत सड़क और पुलों का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
नाबार्ड स्कीम के तहत सड़कें और पुल बने
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान नाबार्ड योजना के तहत 279.64 किलोमीटर लंबाई वाली सड़कों और 8 पुलों का निर्माण कार्य पूरा किया गया, जिस पर 104.28 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
अब वित्तीय वर्ष 2025-26 में 125 किलोमीटर सड़कों के निर्माण पर 192 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। अभी तक इस योजना के तहत 14.50 किलोमीटर सड़कें पूरी की जा चुकी हैं, जिन पर 18.13 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
5054 आरबी-10 योजना से तेज़ी से काम
मंत्री ने बताया कि 2024-25 में 5054 आरबी-10 योजना के तहत 781 किलोमीटर लंबी सड़कों का काम पूरा किया गया, जिस पर 503.02 करोड़ रुपये खर्च हुए।
वहीं, 2025-26 के लिए 840 किलोमीटर सड़कों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है, जिस पर 663 करोड़ रुपये खर्च करने का अनुमान है। अभी तक 342 किलोमीटर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिस पर 212 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
पुलों के निर्माण में भी तेजी
सिर्फ सड़कें ही नहीं, बल्कि पुलों के निर्माण पर भी विभाग ने खास ध्यान दिया है। मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि 2024-25 में 10 पुल बनाए गए, जिस पर 48.29 करोड़ रुपये की लागत आई।
आने वाले वित्तीय वर्ष 2025-26 में 31 नए पुलों का निर्माण करने की योजना है, जिस पर लगभग 155 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस स्कीम पर अब तक 16.39 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
पंजाब में विकास को नई रफ्तार
सरकार का कहना है कि मज़बूत सड़क नेटवर्क राज्य की अर्थव्यवस्था, व्यापार और ग्रामीण कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। गांव-गांव तक बेहतर सड़क पहुंचने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार के अवसरों में बढ़ोतरी होगी।
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक, इन योजनाओं के पूरा होने के बाद पंजाब में सड़क ढांचा और पुलों का नेटवर्क और मज़बूत होगा, जिससे लोगों की सुविधा और राज्य का विकास दोनों गति पकड़ेंगे।
