बिहार के पूर्णिया जिले से शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर आई। कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर कसबा गुमटी के पास वंदे भारत ट्रेन की चपेट में पांच युवक आ गए, जिसमें से चार की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की उम्र देखने से लग रहा था कि सभी की आयु 18 से 21 वर्ष के बीच होगी।
दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे युवक
हादसा शुक्रवार (03 अक्टूबर, 2025) की सुबह लगभग 4:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सभी युवक दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे और इसी दौरान वे ट्रेन की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
मौके पर तीन की मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर ही तीन युवकों की मौत हो गई थी। दो घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद एक और युवक ने दम तोड़ दिया। अब तक चार की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक घायल युवक का इलाज जीएमसी अस्पताल में चल रहा है।
रेलवे के मैनेजर मुन्ना कुमार ने इस घटना की पुष्टि की। वहीं, घायल युवक बेहोशी की हालत में सिर्फ इतना बता पाया कि वे लोग जानकीनगर भांगहा के रहने वाले हैं और मखानाफोड़ी का काम करते हैं।
पहचान की प्रक्रिया जारी
खबर लिखे जाने तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस और रेलवे प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर काफी संख्या में भीड़ जमा हो गई थी और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
हाल ही में शुरू हुई थी ट्रेन
गौरतलब है कि यह वही वंदे भारत ट्रेन है जिसका उद्घाटन 15 सितंबर, 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। पीएम मोदी ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर जोगबनी से दानापुर के बीच इस ट्रेन को रवाना किया था। उद्घाटन के बाद से ही ट्रेन का नियमित परिचालन शुरू हो चुका है।
जांच में जुटा रेलवे प्रशासन
रेलवे पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि युवक रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है क्योंकि हाई-स्पीड ट्रेनों के चलते हादसों की आशंका और भी बढ़ जाती है।
