आईपीएल 2026 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और सभी फ्रेंचाइजियां अपने स्क्वॉड में बदलाव की योजना बना रही हैं। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) भी बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा था। भले ही रियान पराग, ध्रुव जुरेल और वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन टीम पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर रही। अब माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी कुछ बड़े नामों को रिलीज करने जा रही है।
संजू सैमसन की विदाई लगभग तय
सबसे बड़ा बदलाव कप्तान संजू सैमसन को लेकर हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले रिलीज करने का मन बना लिया है।
संजू पिछले सीजन में चोटों से परेशान रहे और सिर्फ 9 मैचों में खेलने उतरे थे। बल्ले से भी वह खास असर नहीं छोड़ पाए।
संजू सैमसन ने 2013 में राजस्थान रॉयल्स के साथ IPL करियर की शुरुआत की थी और अब तक टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते रहे हैं। उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए 4700 से ज्यादा रन बनाए हैं, लेकिन लगातार चोटों और कप्तानी के दबाव ने उनके प्रदर्शन पर असर डाला है।
महीश तीक्ष्णा का प्रदर्शन भी निराशाजनक
श्रीलंका के स्पिनर महीश तीक्ष्णा को राजस्थान ने पिछले सीजन में 4.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, उन्होंने पूरी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा।
तीक्ष्णा ने सीजन में 11 विकेट झटके लेकिन उनकी इकॉनमी 9.26 रही, जो टीम के लिए चिंता का विषय रही।
मैनेजमेंट अब ऐसे स्पिनर की तलाश में है जो पावरप्ले और डेथ ओवर्स दोनों में असरदार साबित हो सके। ऐसे में तीक्ष्णा को रिलीज करने की पूरी संभावना है।
शिमरोन हेटमायर पर भी संकट के बादल
वेस्टइंडीज के पावर हिटर शिमरोन हेटमायर का बल्ला पिछले कुछ सीजन से खामोश है।
11 करोड़ रुपये में रिटेन किए गए हेटमायर ने 2025 सीजन में 14 मैचों में सिर्फ 239 रन बनाए। वह फिनिशर की भूमिका निभाने में पूरी तरह नाकाम रहे।
2022 के बाद से हेटमायर एक भी सीजन में 300 रन का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं। ऐसे में संभावना है कि राजस्थान टीम उन्हें रिलीज कर किसी नए विदेशी फिनिशर को शामिल करे।
नए कप्तान और नई रणनीति के साथ उतरेगी टीम
राजस्थान रॉयल्स अब 2026 सीजन में पूरी तरह नई सोच और रणनीति के साथ मैदान में उतरने की योजना बना रही है।
फ्रेंचाइजी का फोकस अब अनुभवी ऑलराउंडर और स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों पर है, जो टीम को मजबूती दे सकें।
अगर सब कुछ तय प्लान के अनुसार हुआ, तो राजस्थान रॉयल्स अगले सीजन में नए कप्तान और ताजा चेहरों के साथ उतरते हुए नजर आएगी।
