पंजाब के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा है कि इस बार मंडियों में पहुंच रही धान की फसल की गुणवत्ता काफी अच्छी है और किसानों को खरीद के 24 घंटे के अंदर भुगतान किया जा रहा है।
मंडियों में धान की खरीद प्रक्रिया पर संतोष
मंत्री कटारूचक्क ने आज विभिन्न मंडियों का दौरा कर धान खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी किसान को मंडी में अपनी फसल बेचने के लिए परेशानी न झेलनी पड़े।
उन्होंने बताया कि अब तक 11 लाख मीट्रिक टन धान राज्य की मंडियों में पहुंच चुका है।
फसल पूरी तरह सूखाकर लाने की अपील
खाद्य मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को पूरी तरह सुखाकर ही मंडी में लाएं, ताकि नमी के कारण किसी तरह की कटौती का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि भले ही किसान एक दिन बाद फसल लेकर आएं, लेकिन फसल का सूखा होना बेहद जरूरी है।
“मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन सख्ती से हो रहा है”
मंत्री ने बताया कि सभी खरीद एजेंसियां मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और रिजर्व बैंक द्वारा खरीद लिमिट एक साथ जारी की जा रही है, जिससे किसानों को समय पर भुगतान मिल सके।
लापरवाही करने वालों पर होगी कार्रवाई
कटारूचक्क ने साफ कहा कि कोई भी अधिकारी अगर सरकारी दिशानिर्देशों की अवहेलना करता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने मौके पर धान की गुणवत्ता की जांच खुद की और संतोष जताया कि इस बार धान की क्वालिटी बेहतरीन है।
