पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज पटियाला के सरकारी राजिंद्रा अस्पताल को राज्य का पहला पूरी तरह डिजिटल ‘ई-हॉस्पिटल’ घोषित किया। इसके साथ ही उन्होंने मरीजों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री मरीज सहायता केंद्र (CM Patient Facilitation Centre) का भी शुभारंभ किया।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार पंजाब को “रंगला पंजाब” बनाने की दिशा में काम कर रही है, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ई-हॉस्पिटल बनने के बाद अब मरीजों को तेज, पारदर्शी और आसान स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। जल्द ही यह व्यवस्था पंजाब के सभी जिला और उपमंडलीय अस्पतालों में लागू की जाएगी।
डिजिटल युग की ओर बड़ा कदम
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि ई-हॉस्पिटल प्रोजेक्ट डिजिटल इंडिया मिशन के तहत राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा विकसित एक ओपन-सोर्स हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम है।
अब राजिंद्रा अस्पताल में मरीजों को कंप्यूटराइज्ड ओपीडी स्लिप, डिजिटल लैब रिपोर्ट्स और ऑनलाइन डेटा मैनेजमेंट की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल कागजी कार्यवाही कम होगी बल्कि मरीजों को समय की बचत और बेहतर पारदर्शिता भी मिलेगी।
नई सुविधाएं और कोर्स
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि अस्पताल में अब चार नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं — क्रिटिकल मेडिसिन, फैमिली मेडिसिन, पेलिएटिव और जेरियाट्रिक केयर।
साथ ही, सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक को और आधुनिक बनाया जा रहा है।
अस्पताल में 300 बिस्तरों वाला ट्रॉमा केयर अस्पताल भी तैयार किया जा रहा है, ताकि मरीजों को अब वेंटिलेटर की कमी के कारण चंडीगढ़ रेफर न करना पड़े।
मरीजों के लिए नई सुविधा – ‘मुख्यमंत्री मरीज सहायता केंद्र’
इस मौके पर किंग्स इलेवन पंजाब और राउंड टेबल इंडिया के सहयोग से 30 लाख रुपए की लागत से बने मरीज सहायता केंद्र को भी समर्पित किया गया।
यह केंद्र मरीजों और उनके परिजनों के लिए आरामदायक प्रतीक्षा स्थल, जन औषधि दवाइयों की सुविधा, वृद्ध और दिव्यांग मरीजों के लिए हेल्प डेस्क जैसी सेवाएं प्रदान करेगा।
समाज सेवा से सरकार का सहयोग
कार्यक्रम में समाजसेवी संगठनों, डॉक्टरों, फैकल्टी और छात्रों की बड़ी संख्या मौजूद रही। मंत्री ने सभी संस्थाओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयास से ही पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय लिखा जा रहा है।
