देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो इस समय गंभीर ऑपरेशनल अव्यवस्था से गुजर रही है। मंगलवार को एयरलाइन ने 400 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं, जिससे हजारों यात्रियों के सफर पर सीधा असर पड़ा। स्टाफ की कमी और प्लानिंग में गड़बड़ियों के कारण कई एयरपोर्ट्स पर लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली में तो हालात ज्यादा बिगड़े हुए रहे। यहां इंडिगो ने अपनी आज की सभी 235 फ्लाइट्स को पूरी तरह कैंसिल कर दिया।
एयरलाइन की स्पष्टीकरण—”नेटवर्क पिछले 48 घंटे से असंतुलित”
इंडिगो ने अपने बयान में कहा है कि पिछले दो दिनों में उनका पूरा नेटवर्क काफी हद तक डिस्टर्ब हुआ है। एयरलाइन ने यात्रियों से असुविधा के लिए माफी मांगते हुए बताया कि 8 दिसंबर से देरी कम होने लगेगी।
हालांकि, पूर्ण रूप से सामान्य संचालन 10 फरवरी तक ही बहाल हो पाएगा।
एयरलाइन ने माना कि FDTL नॉर्म्स के दूसरे फेज़ को लागू करते समय फैसलों में कमी रह गई, जिसने इस अव्यवस्था को और बढ़ा दिया।
दिल्ली में उड़े उड़ानों की रफ्तार पर ब्रेक, आज का पूरा ऑपरेशन रद्द
दिल्ली एयरपोर्ट ने जानकारी दी कि इंडिगो की आज रात तक की सभी उड़ानें स्थगित कर दी गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट की टीमें एयरलाइन के साथ मिलकर स्थिति को काबू में लाने की कोशिश कर रही हैं।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस अवश्य जांच लें।
कई शहरों में यात्रियों को झटका, जानिए किस एयरपोर्ट पर क्या स्थिति
मुंबई
-
104 फ्लाइट्स कैंसिल (53 डिपार्चर + 51 अराइवल)
बेंगलुरु
-
102 फ्लाइट्स रद्द (50 डिपार्चर + 52 अराइवल)
हैदराबाद
-
92 उड़ानें प्रभावित (43 अराइवल + 49 डिपार्चर)
पुणे
-
रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक 32 फ्लाइट्स रद्द
थिरुवनंतपुरम
-
4 और 5 दिसंबर को कई उड़ानें लेट व 4 उड़ानें रद्द
कोलकाता
-
468 से अधिक उड़ानों पर असर
-
320 देर से
-
92 कैंसिल
-
देश भर के एयरपोर्ट्स पर सुबह से ही भारी अव्यवस्था देखने को मिली, और यात्रियों की लंबी कतारें दिखाई दीं।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह—एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपडेट लें
एयरपोर्ट अथॉरिटी और इंडिगो दोनों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान का अपडेट एयरलाइन की वेबसाइट या कस्टमर केयर से अवश्य चेक करें।
कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर एयरलाइन से सेवा सुधारने की मांग की है, जबकि DGCA भी मामले पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
