साल 2025 अब अपने आखिरी पड़ाव पर है और 1 जनवरी 2026 के साथ ही नया साल कई बड़े बदलाव लेकर आ रहा है। नए साल की शुरुआत होते ही देश में ऐसे कई आर्थिक और वित्तीय नियम लागू होंगे, जिनका असर आम आदमी की रोज़मर्रा की ज़िंदगी और बजट पर साफ दिखाई देगा। गैस सिलेंडर से लेकर बैंकिंग, टैक्स, सैलरी और गाड़ियों तक—कई मोर्चों पर बदलाव तय माने जा रहे हैं।
PAN-Aadhaar लिंक अनिवार्य
नए साल से पहले पैन और आधार को लिंक कराना बेहद ज़रूरी होगा। अगर तय समय तक लिंक नहीं किया गया, तो पैन निष्क्रिय हो सकता है। ऐसे में इनकम टैक्स रिटर्न, बैंकिंग सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना मुश्किल हो जाएगा।
UPI और डिजिटल पेमेंट होंगे ज्यादा सुरक्षित
डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए UPI, सिम वेरिफिकेशन और मैसेजिंग ऐप्स से जुड़े नियम सख्त किए जाएंगे। नए नियमों से WhatsApp और Telegram जैसे प्लेटफॉर्म पर होने वाले धोखाधड़ी के मामलों पर लगाम लगाने की कोशिश होगी।
लोन और FD पर असर
जनवरी से कई बैंकों की नई लोन दरें और फिक्स्ड डिपॉजिट ब्याज दरें लागू होंगी। कुछ बैंकों ने लोन सस्ता किया है, जिससे होम और पर्सनल लोन लेने वालों को राहत मिल सकती है, वहीं निवेशकों को FD रिटर्न पर नजर रखनी होगी।
LPG, CNG और ATF की कीमतें बदल सकती हैं
हर महीने की तरह 1 जनवरी को भी एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी और विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में बदलाव संभव है। इसका सीधा असर घरेलू बजट और ट्रैवल खर्च पर पड़ेगा।
नया इनकम टैक्स कानून
हालांकि नया इनकम टैक्स एक्ट 2025 पूरी तरह 2026-27 से लागू होगा, लेकिन जनवरी में इसके नियम और ITR फॉर्म नोटिफाई किए जा सकते हैं। सरकार टैक्स सिस्टम को सरल बनाने की दिशा में कदम उठा रही है।
8वां वेतन आयोग
7वां वेतन आयोग 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो रहा है। उम्मीद है कि 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा, जिससे कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा फायदा मिल सकता है।
किसान और वाहन नियम
PM-किसान योजना के लिए कुछ राज्यों में यूनिक किसान ID जरूरी होगी। वहीं कई ऑटो कंपनियां 1 जनवरी 2026 से गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने की तैयारी में हैं।
