अमेरिका में क्रिसमस जैसे बड़े त्योहार के बीच भीषण सर्दी और बर्फीले तूफान ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। शुक्रवार (26 दिसंबर) को देशभर में 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि हजारों फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। कई इलाकों में भारी बर्फबारी और तेज हवाओं की चेतावनी के चलते एयरलाइंस को यह कदम उठाना पड़ा।
न्यूयॉर्क सबसे ज्यादा प्रभावित
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइट अवेयर’ के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक कम से कम 1,191 उड़ानें रद्द की गईं और करीब 3,974 उड़ानों में देरी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा असर न्यूयॉर्क के तीन प्रमुख एयरपोर्ट—लागार्डिया, जेएफके और नेवार्क—पर देखने को मिला। इन एयरपोर्ट्स पर सैकड़ों फ्लाइट्स या तो रद्द हुईं या घंटों देरी से रवाना हुईं। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूयॉर्क में रातभर में 10 इंच तक बर्फ गिरने की आशंका है, जिससे तापमान शून्य से नीचे जा सकता है।
अन्य शहरों में भी हालात खराब
न्यूयॉर्क के अलावा बोस्टन और डेट्रायट जैसे शहरों के हवाई अड्डों पर भी यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) ने ग्रेट लेक्स क्षेत्र से लेकर न्यू इंग्लैंड तक भारी बर्फबारी और तेज तूफान की चेतावनी जारी की है। बताया गया है कि तूफान का केंद्र धीरे-धीरे उत्तर-पूर्वी इलाकों की ओर बढ़ रहा है, जिससे सड़कों और हवाई सेवाओं दोनों पर असर पड़ा है।
शहर प्रशासन अलर्ट, सड़कें भी खतरनाक
न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने शीतकालीन तूफान को लेकर अलर्ट जारी करते हुए कहा कि शहर के कर्मचारी लगातार सड़कों से बर्फ हटाने के काम में जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें, क्योंकि फिसलन भरी सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं।
यात्रियों के लिए एयरलाइंस की सलाह
अमेरिकी एयरलाइंस कंपनियों ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों से अपील की है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें। एयरलाइंस का कहना है कि मौसम सामान्य होने तक स्थिति में बदलाव हो सकता है। एनडब्ल्यूएस ने भी चेतावनी दी है कि आने वाले घंटों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
