चंडीगढ़: 17 जनवरी, 2026
कबड्डी प्रमोटर राणा बालचोरिया हत्याकांड में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज मामले में शामिल मुख्य शूटर और कुख्यात गैंगस्टर करन उर्फ़ ‘डिफॉल्ट शूटर’ को मोहाली पुलिस ने देर रात खरड़ इलाके में हुए एनकाउंटर के दौरान मार गिराया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इनपुट मिलने के बाद मोहाली के खरड़ क्षेत्र में नाकाबंदी की गई थी। खुद को घिरा देख आरोपी गैंगस्टर करन ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह मारा गया। करन बंबीहा गैंग से जुड़ा हुआ था और राणा बालचोरिया हत्याकांड में उसकी अहम भूमिका बताई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर के बाद मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई को राणा बालचोरिया हत्याकांड की जांच में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
