पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान माझा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए गुरदासपुर जिले के कादियां पहुंचे। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मान स्वरूप उपहार भी भेंट किए। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा की।
सड़कों के नवीनीकरण का बड़ा प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री ने 168.44 करोड़ रुपये की लागत से 237 लिंक सड़कों के नवीनीकरण की परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना के तहत क्षेत्र की कई सड़कों को बेहतर बनाया जाएगा, जिससे गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
खेल और शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
सरकार ने क्षेत्र में युवाओं के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की है। काहनूवान में एक आधुनिक सब-डिवीजन बनाया जाएगा और इलाके में राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम भी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम फिर से शुरू किए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑडिटोरियम और ट्रेनिंग संस्थान
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में 500 सीटों वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑडिटोरियम बनाया जाएगा, जहां सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। साथ ही सेना में अधिकारी बनने की इच्छा रखने वाले युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए विशेष संस्थान भी स्थापित किया जाएगा।
बुनियादी सुविधाओं में सुधार
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि धारीवाल और कादियां की सीवेज परियोजनाएं जल्द पूरी की जाएंगी। इसके साथ ही गांवों के तालाबों का नवीनीकरण किया जाएगा और आधुनिक ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा मिल सके।
