पंजाब में गेहूं के नए सीज़न की शुरुआत से पहले राज्य सरकार ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सरकार ने घोषणा की है कि 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए PUNGRAIN, PUNSUP, MARKFED और वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन जैसी एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि किसानों की फसल समय पर खरीदी जा सके।
लक्ष्य से ज्यादा खरीद की व्यवस्था
केंद्र सरकार ने इस साल पंजाब से 122 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य तय किया है। हालांकि राज्य सरकार ने इससे अधिक तैयारी करते हुए 132 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की व्यवस्था की है, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंडियों में पूरी व्यवस्था
गेहूं की खरीद को सुचारू बनाने के लिए पंजाब मंडी बोर्ड की 1,850 मंडियां पूरी तरह तैयार कर दी गई हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर किसानों की सुविधा के लिए अस्थायी खरीद केंद्र भी बढ़ाए जाएंगे।
सरकार का कहना है कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य समय पर मिले, इसके लिए सभी विभागों को पहले ही निर्देश दे दिए गए हैं। इससे गेहूं खरीद प्रक्रिया आसान और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सकेगी।
