पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने आज संगरूर में राज्य के लाखों परिवारों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए ‘CM मेरी रसोई योजना’ की शुरुआत की। इस योजना का उद्देश्य बच्चों को कुपोषण से बचाना और जरूरतमंद परिवारों तक पौष्टिक राशन पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत साल में चार बार राशन किट वितरित की जाएंगी, जिससे करीब 40 लाख परिवारों को फायदा मिलेगा।
बच्चों के पोषण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर गंभीर है। उन्होंने बताया कि राशन किट में जरूरी खाद्य सामग्री दी जाएगी ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के बच्चों को बेहतर पोषण मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसी योजनाएं ला रही है, जिससे आम लोगों का जीवन आसान हो सके और हर वर्ग तक सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचे।

बिजली, स्वास्थ्य और महिलाओं के लिए योजनाएं
भगवंत मान ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब सरकार पहले से ही लोगों को मुफ्त बिजली, ‘CM स्वास्थ्य योजना’ और ‘माँ-बेटी सम्मान योजना’ जैसी सुविधाएं दे रही है। किसानों को दिन के समय बिना रुकावट बिजली और नहर का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि खेती का काम आसानी से हो सके।
उन्होंने बताया कि गांव सतोज से बिजली के तारों को जमीन के नीचे बिछाने की ऐतिहासिक शुरुआत भी की गई है। सरकार का लक्ष्य पूरे पंजाब को “पोल-मुक्त” बनाना है, जिससे बिजली व्यवस्था और सुरक्षित तथा आधुनिक हो सके।
बेअदबी कानून का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर बेअदबी मामलों में राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने गुरु मर्यादा की रक्षा के लिए सख्त कानून बनाया है, जिसमें आजीवन कारावास और 50 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान रखा गया है।
CM मान ने कहा कि पंजाब को “रंगला पंजाब” बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और विकास का यह सफर आगे भी जारी रहेगा।
