पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान लगातार जारी है। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 108वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर पूरे राज्य में कई जगहों पर टारगेटेड रेड्स कीं। पुलिस ने गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की।
548 रेड्स, 261 लोग हिरासत में
पंजाब पुलिस के मुताबिक इस विशेष अभियान के दौरान राज्यभर में कुल 548 रेड्स की गईं। कार्रवाई के दौरान 261 लोगों को पकड़ा गया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि इस ऑपरेशन में 4 घोषित अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
अभियान के दौरान 5 हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर नेटवर्क को कमजोर करने के लिए लगातार खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
अब तक 27 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस ने जानकारी दी कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल 27,621 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। यह अभियान राज्य में अपराध और गैंगवार पर लगाम लगाने के लिए चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई जिलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और अपराधियों के ठिकानों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
लोगों से मांगी जा रही गुप्त जानकारी
पंजाब पुलिस ने लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अगर किसी को गैंगस्टर गतिविधियों या संदिग्ध लोगों की जानकारी मिले तो वह एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम तरीके से सूचना दे सकता है।
