Punjab Police की अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 10 किलोग्राम ‘आइस’ यानी मेथम्फेटामाइन और 4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि यह खेप पंजाब और दिल्ली में सप्लाई की जानी थी।
दुबई से चल रहा था नेटवर्क
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई में बैठे एक बड़े तस्कर के संपर्क में थे। यह नेटवर्क अबू धाबी और दुबई से संचालित किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से एक हाल ही में दुबई से वापस लौटा था। आरोप है कि उसे दुबई में नशीले पदार्थों की खेप को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने की ट्रेनिंग दी गई थी। इसके बाद उसे पंजाब के माझा और दोआबा क्षेत्रों में ड्रग्स सप्लाई का जिम्मा सौंपा गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में अमृतसर के छेहरटा पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई चैन और विदेश में बैठे हैंडलर्स के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े और कितने लोग पंजाब और दिल्ली में सक्रिय हैं।
नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य ड्रग तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म कर युवाओं को नशे से बचाना है।
