पंजाब के वित्त मंत्री Harpal Singh Cheema ने ‘रंगला पंजाब विकास योजना’ के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों (DCs) को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में चल रहे प्रोजेक्ट्स की लगातार निगरानी करें।
मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि सभी अधूरे प्रोजेक्ट तय समय पर पूरे हों ताकि लोगों को विकास कार्यों का लाभ जल्द मिल सके।
देरी और लापरवाही पर सख्त रुख
हरपाल सिंह चीमा ने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।
सरकार का कहना है कि परियोजनाओं की प्रगति पर जिला स्तर पर नियमित रिपोर्ट तैयार की जाएगी और जरूरत पड़ने पर अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और परिणाम आधारित शासन मान सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं को सिर्फ कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका लाभ सीधे लोगों तक पहुंचना चाहिए। सरकार का उद्देश्य पूरे पंजाब में तेज और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।
