पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई योजना’ के तहत पटियाला में 500 जरूरतमंद परिवारों को राशन किट बांटी गईं। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री Balbir Singh ने हिस्सा लिया और लोगों को योजना के बारे में जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य का कोई भी परिवार खुद को अकेला या बेसहारा महसूस न करे। जरूरतमंद लोगों तक सीधे सहायता पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बलबीर सिंह ने कहा कि ‘मेरी रसोई योजना’ आम लोगों को बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती कीमतों के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
सरकार का दावा है कि इस योजना के जरिए लोगों को पौष्टिक राशन उपलब्ध कराया जाएगा ताकि परिवारों की रसोई पर अतिरिक्त बोझ कम हो सके।
मंत्री के मुताबिक पंजाब सरकार राज्य के करीब 40 लाख परिवारों तक पौष्टिक राशन किट पहुंचाने की योजना पर काम कर रही है। इन किटों में रोजमर्रा की जरूरत का सामान शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मान सरकार सिर्फ चुनावी गारंटियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनसे आगे बढ़कर लोगों को सुविधाएं देने का काम कर रही है। सरकार का फोकस गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने पर है।
