पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक सरकारी कार्यक्रम में बोलते हुए अचानक भावुक हो गए। मौक़ा था मुफ्त स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत का, जहां वे लोगों को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हाल ही में आमदन से ज़्यादा संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किए गए वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम मजीठिया को लेकर तीखी टिप्पणी की।
मुख्यमंत्री मान ने अपने भाषण में कहा कि जिन लोगों ने पंजाब के लाखों घरों को बर्बाद कर दिया, जिनकी वजह से कई बहनों की ज़िंदगी अंधेरे में चली गई, वे खुद कभी भी चैन की ज़िंदगी नहीं जी सकते। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, अब उन्हें सज़ा जरूर मिलेगी।
मुख्यमंत्री बोले – “जिन्होंने चिट्टे (ड्रग्स) के सहारे तस्करी करके लोगों की ज़िंदगियाँ तबाह कीं, बहनों के सपनों को बर्बाद किया, वे अब खुद चैन की नींद नहीं सो सकेंगे।”
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में नशा बेचकर जो पैसा कमाया गया, वह अब उनके लिए अभिशाप बन गया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि “मैं तो सिर्फ एक ज़रिया हूँ, असली फैसला अदालतों का है। लेकिन कानून से कोई नहीं बच सकता।”
मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि अगर भविष्य में उनकी सरकार या वे खुद भी कोई गलत काम करते हैं, तो उन्हें भी सज़ा मिलेगी। उन्होंने कहा – “अगर हम भी कभी कुछ गलत करेंगे, तो हमें भी माफ़ नहीं किया जाना चाहिए।”
भगवंत मान की इस ईमानदारी भरी बात को सुनकर सभा में बैठे कई लोग भावुक हो उठे। उनका अंदाज़ जनता के बीच भरोसे का माहौल बनाने वाला रहा।
गौरतलब है कि बिक्रम मजीठिया, जो शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता हैं, को हाल ही में आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन पर पहले से ही नशा तस्करी से जुड़े कई गंभीर आरोप हैं।
मुख्यमंत्री का ये बयान दिखाता है कि पंजाब सरकार अब भ्रष्टाचार और नशे के खिलाफ सख्त रवैया अपनाए हुए है। मान सरकार नशा विरोधी मुहिम को लेकर पहले ही कई कड़े कदम उठा चुकी है।
इस मौके पर भगवंत मान ने प्रदेश के सभी नागरिकों को मुफ्त स्वास्थ्य बीमा योजना की सौगात भी दी। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य बनेगा, जो अपने हर नागरिक को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देगा।
कार्यक्रम में जनता की भारी भीड़ उमड़ी और मुख्यमंत्री की भावुक अपील ने सबके दिल को छू लिया। पंजाब की राजनीति में यह एक अहम मोड़ माना जा रहा है, जहां सरकार अब सिर्फ वादों तक सीमित नहीं, बल्कि सख्त कार्रवाई की दिशा में भी बढ़ रही है।
