Punjab Police की काउंटर इंटेलिजेंस विंग अमृतसर को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 5.5 किलोग्राम हेरोइन, 4 पिस्तौलें और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क पंजाब में ड्रग्स और हथियार सप्लाई करने में सक्रिय था।
सीमा पार तस्करों से जुड़े तार
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार बैठे तस्करों के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पंजाब में आगे सप्लाई के लिए हथियार और गोला-बारूद की खेप हासिल की थी।
जांच एजेंसियों को शक है कि यह मॉड्यूल बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब आरोपियों के विदेशी संपर्कों और सप्लाई चैन की जांच कर रही है।
SSOC अमृतसर में मामला दर्ज
इस मामले में PS SSOC अमृतसर में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।
जांच टीमें अब इस मॉड्यूल के ‘फॉरवर्ड’ और ‘बैकवर्ड’ लिंक तलाश रही हैं। यानी यह पता लगाया जा रहा है कि नशे और हथियारों की सप्लाई कहां से आ रही थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में नशे, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है।
