पाकिस्तान के क्वेटा शहर में रविवार सुबह बड़ा आतंकी हमला हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिगेड से जुड़े एक आत्मघाती हमलावर ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट कर दिया। धमाका इतना भीषण था कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस हमले में अब तक कम से कम 30 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
सैन्य कर्मियों को लेकर जा रही थी ट्रेन
जानकारी के मुताबिक जाफर एक्सप्रेस ट्रेन क्वेटा कैंट से गुजर रही थी और उसमें कई सैन्य कर्मी भी सवार थे। ट्रेन जैसे ही चमन फाटक के पास पहुंची, उसी समय आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। धमाका सीधे ट्रेन के नजदीक हुआ, जिससे एक पूरी बोगी बुरी तरह तबाह हो गई। विस्फोट के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
धमाके से आसपास के इलाके में भारी नुकसान
विस्फोट की ताकत इतनी ज्यादा थी कि रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद कई घरों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। इलाके में खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए और कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और कुछ देर तक लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
राहत और बचाव कार्य तेज
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचाव कर्मियों ने घायलों को ट्रेन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
पाकिस्तान सरकार ने की निंदा
क्वेटा में हुए इस बड़े हमले की पाकिस्तान के रेल मंत्री ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे कायराना आतंकी हमला बताते हुए कहा कि आतंकवादी देश की शांति और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना की पूरी जांच की जा रही है और हमले में शामिल लोगों के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश जारी है।
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी
बलूच लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने मीडिया को जारी बयान में इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हमले की योजना पहले से तैयार की गई थी। जांच एजेंसियों के अनुसार ट्रेन के गुजरने का समय पहले से तय करके हमला किया गया ताकि ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके।
