पंजाब सरकार ने जनगणना-2027 के पहले चरण को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतार दिया है। राज्यभर में हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग ऑपरेशन्स का काम तेजी से चल रहा है। सरकार का लक्ष्य तय समय सीमा के भीतर सटीक और उच्च गुणवत्ता वाला डेटा जुटाना है। इसी को लेकर स्थानीय निकाय विभाग लगातार जिलों की प्रगति की निगरानी कर रहा है।
वर्चुअल बैठक में हुई कार्यों की समीक्षा
स्थानीय निकाय विभाग के प्रशासनिक सचिव मनजीत सिंह बराड़ ने जनगणना कार्यों की समीक्षा के लिए सभी प्रमुख जनगणना अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में जनगणना ऑपरेशन्स के निदेशक डॉ. नवजोत खोसा और स्थानीय सरकारों के निदेशक कुलवंत सिंह भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान फील्ड स्तर पर चल रहे कार्यों, डेटा संग्रह और निगरानी व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि कई जिलों ने तय लक्ष्य के अनुसार तेजी से काम किया है और फील्ड स्टाफ लगातार घर-घर जाकर जानकारी एकत्र कर रहा है।
इन जिलों और नगर निगमों ने किया बेहतरीन प्रदर्शन
सरकार की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार बरनाला, मोगा, मालेरकोटला, फाजिल्का, लुधियाना, संगरूर, श्री मुक्तसर साहिब, तरनतारन, रूपनगर, मानसा और होशियारपुर सहित कुल 11 जिलों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसके अलावा बरनाला, अबोहर, मोगा, बटाला, होशियारपुर, फगवाड़ा और कपूरथला नगर निगमों ने भी फील्ड स्तर पर शानदार काम किया है।
प्रशासनिक सचिव ने कहा कि इन जिलों में स्थानीय अधिकारियों ने मजबूत नेतृत्व दिखाया है, जिसकी वजह से जनगणना का काम तेजी और सटीकता के साथ आगे बढ़ रहा है।
पीछे चल रहे जिलों को दिए सख्त निर्देश
बैठक के दौरान कुछ ऐसे जिलों की भी पहचान की गई जहां जनगणना कार्य की गति धीमी है। इन जिलों को सरकार की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि वे जल्द से जल्द अपने लक्ष्य पूरे करें।
सरकार ने 30 मई 2026 तक 40 से 70 प्रतिशत कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। वहीं, जून 2026 के दूसरे सप्ताह से पहले 100 प्रतिशत काम पूरा करने की समय-सीमा रखी गई है। जनगणना का यह पहला चरण 13 जून 2026 तक चलेगा।
डेटा की शुद्धता पर सरकार का खास जोर
मनजीत सिंह बराड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डेटा संग्रह के दौरान किसी भी प्रकार की गलती या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस प्रक्रिया में पूरी शुद्धता चाहती है।
इसी कारण वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित और अचानक फील्ड निरीक्षण करने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि अचानक निरीक्षण से जमीनी स्तर पर काम की वास्तविक स्थिति सामने आती है और डेटा की गुणवत्ता बेहतर बनी रहती है।
भीषण गर्मी में कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी ध्यान
पंजाब में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सरकार ने फील्ड में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है। प्रशासनिक सचिव ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि गणनाकर्मियों और सुपरवाइजरों के लिए जारी हीटवेव एडवाइजरी का सख्ती से पालन कराया जाए।
उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ कठिन मौसम में लगातार काम कर रहा है, इसलिए उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। साथ ही स्थानीय सरकार विभाग जनगणना अधिकारियों के साथ मिलकर राज्य के आवासीय क्षेत्रों की सटीक मैपिंग और रिकॉर्ड तैयार करने में जुटा हुआ है।
