पंजाब के वित्त मंत्री Harpal Singh Cheema ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ताइवान का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन अब भारत से आगे निकल गया है। चीमा ने कहा कि केवल 2.5 करोड़ आबादी वाला देश 130 करोड़ लोगों वाले भारत से आगे निकल गया, जो चिंता का विषय है।
भारत की अर्थव्यवस्था पर उठाए सवाल
हरपाल चीमा ने दावा किया कि भारत, जो कभी GDP के आकार के हिसाब से दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था माना जाता था, अब छठे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक मंदी, बढ़ते कर्ज़, महंगाई और निवेशकों के घटते भरोसे जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है।
BJP सरकार पर लगाए आरोप
वित्त मंत्री ने आरोप लगाया कि इन गंभीर आर्थिक मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा सरकार तथ्यों को छिपाने और लोगों को गुमराह करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि गलत आर्थिक नीतियों का असर सीधे आम लोगों पर पड़ रहा है और जनता लगातार बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबाव का सामना कर रही है।
आम लोगों पर बढ़ रहा बोझ
चीमा ने कहा कि खराब आर्थिक प्रबंधन की कीमत आम नागरिक चुका रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें, महंगाई और रोजमर्रा के खर्चों में बढ़ोतरी से लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से आर्थिक हालात को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
