दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp पर जल्द ही एक नया प्राइवेसी फीचर आने वाला है। इस फीचर के जरिए यूजर्स टेक्स्ट मैसेज को भी ‘व्यू वन्स’ मोड में भेज सकेंगे। यानी जिस तरह अभी फोटो और वीडियो को एक बार देखने के बाद दोबारा नहीं देखा जा सकता, उसी तरह टेक्स्ट मैसेज भी पढ़ने के बाद अपने आप गायब हो जाएगा।
अभी सिर्फ फोटो और वीडियो के लिए है सुविधा
फिलहाल WhatsApp पर View Once फीचर केवल फोटो और वीडियो के लिए उपलब्ध है। यूजर किसी फोटो या वीडियो को भेजने से पहले View Once आइकन पर टैप करके उसे इस मोड में भेज सकते हैं। रिसीवर के एक बार देखने के बाद वह मीडिया फाइल हमेशा के लिए गायब हो जाती है। अब कंपनी इसी सुविधा को टेक्स्ट मैसेज तक भी विस्तार देने की तैयारी कर रही है।
ऐसे करेगा काम नया फीचर
रिपोर्ट्स के अनुसार, टेक्स्ट मैसेज को View Once मोड में भेजने के लिए यूजर को Send बटन को लॉन्ग प्रेस करना होगा। इसके बाद मैसेज एक विशेष फॉर्मेट में भेजा जाएगा। रिसीवर इसे केवल एक बार पढ़ सकेगा। मैसेज पढ़ते ही वह स्थायी रूप से गायब हो जाएगा। इस तरह के मैसेज को कॉपी, फॉरवर्ड या शेयर भी नहीं किया जा सकेगा।
ग्रुप चैट में भी मिलेगा सपोर्ट
WhatsApp का यह नया फीचर केवल व्यक्तिगत चैट तक सीमित नहीं रहेगा। इसे ग्रुप चैट में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक WhatsApp चैनल्स में इस फीचर का सपोर्ट नहीं मिलेगा। इससे संवेदनशील जानकारी साझा करने वाले यूजर्स को अतिरिक्त सुरक्षा मिल सकती है।
रोलआउट में लग सकता है समय
फिलहाल यह फीचर विकास के चरण में है और अभी बीटा टेस्टिंग के लिए भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। पहले इसे चुनिंदा बीटा यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा। इसके बाद फीडबैक के आधार पर सुधार कर आम यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा। माना जा रहा है कि अगले कुछ महीनों में यह फीचर उपलब्ध हो सकता है।
स्कैम अलर्ट फीचर पर भी काम जारी
WhatsApp एक और महत्वपूर्ण फीचर पर काम कर रहा है, जो यूजर्स को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने में मदद करेगा। नया स्कैम अलर्ट फीचर अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध मैसेज की पहचान करेगा और यूजर को चेतावनी देगा। यदि मैसेज संदिग्ध लगे तो यूजर को वहीं से नंबर ब्लॉक और रिपोर्ट करने का विकल्प भी मिलेगा। इससे फर्जी संदेशों और ऑनलाइन ठगी के मामलों को कम करने में मदद मिल सकती है।
