पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने फगवाड़ा में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। भीषण गर्मी के बावजूद सभा में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही लोगों ने जोरदार स्वागत किया और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।
लोगों के प्यार के लिए मुख्यमंत्री ने जताया आभार
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गर्मी के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना उनके प्रति जनता के प्यार और विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह भीड़ पारंपरिक राजनीति को नकारकर काम की राजनीति को समर्थन देने का स्पष्ट संकेत है।
फगवाड़ा के विकास के लिए 18 करोड़ रुपये का पैकेज
मुख्यमंत्री ने फगवाड़ा के विकास के लिए 18 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज को मंजूरी देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहर और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाना है। इस पैकेज से विभिन्न विकास परियोजनाओं को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल शून्य आ रहा है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। इसके अलावा 47 लाख परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा का लाभ मिल चुका है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच बढ़ी है।
‘रंगला पंजाब’ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब को फिर से “रंगला पंजाब” बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, विकास और जनकल्याण की नीतियों के जरिए राज्य को नई दिशा देने का प्रयास लगातार जारी है।
