Punjab Police ने राज्य में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर चलाए जा रहे ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने पिछले पांच महीनों में राज्यभर में बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया है। चिन्हित और मैप किए गए स्थानों पर की गई इन कार्रवाइयों का उद्देश्य गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।
93 हजार से ज्यादा छापे, हजारों गिरफ्तार
पंजाब पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले पांच महीनों में राज्यभर में कुल 93,927 छापे मारे गए। इस दौरान 38,738 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि इन अभियानों के जरिए अपराधियों और गैंगस्टरों के नेटवर्क को कमजोर करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
घोषित अपराधियों पर भी कसा शिकंजा
अभियान के दौरान 1,244 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है। ये वे आरोपी थे जो लंबे समय से कानून से बचने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस की विशेष टीमों ने लगातार निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर इन अपराधियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार किया।
बड़ी संख्या में हथियार बरामद
गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 716 हथियार भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का मानना है कि इन हथियारों की बरामदगी से कई संभावित आपराधिक घटनाओं को रोका जा सका है। हथियारों की सप्लाई और अवैध नेटवर्क की जांच भी लगातार जारी है।
लोगों से सहयोग की अपील
पंजाब पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे गैंगस्टरों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी किसी भी जानकारी को साझा करें। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 जारी की गई है, जहां लोग गुमनाम रहकर भी सूचना दे सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से राज्य को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है।
