पंजाब के शिक्षा मंत्री Harjot Singh Bains ने अमृतसर के स्कूल ऑफ एमिनेंस फॉर गर्ल्स, मॉल रोड की 12वीं कक्षा की मेडिकल छात्रा टिया को बड़ी उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी। टिया का चयन ‘मिशन शक्तिसैट’ (Mission ShakthiSAT) के लिए भारत की प्रतिनिधि के रूप में हुआ है।
ISRO समर्थित मिशन का हिस्सा बनेगी टिया
मिशन शक्तिसैट लड़कियों का एक विशेष लूनर सैटेलाइट मिशन है, जिसे ISRO और IN-SPACe का समर्थन प्राप्त है। यह अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम 108 देशों की छात्राओं को विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान से जोड़ने का मंच प्रदान करता है।
अगस्त में राष्ट्रीय कार्यशाला में लेंगी हिस्सा
शिक्षा मंत्री ने बताया कि टिया अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली आठ दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेंगी। इस दौरान उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान, सैटेलाइट तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग और मार्गदर्शन मिलेगा।
शिक्षकों की भी सराहना
हरजोत सिंह बैंस ने टिया के मेंटर और केमिस्ट्री लेक्चरर कमल कुमार तथा स्कूल की प्रिंसिपल मनदीप कौर को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है।
शिक्षा क्षेत्र में नई पहचान बना रहे सरकारी स्कूल
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पंजाब के सरकारी स्कूल अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिक तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब विद्यार्थियों की उपलब्धियों के रूप में सामने आ रहा है।
