पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने का अभियान शुरू हो गया है। 25 जून से शुरू हुए इस अभियान के पहले दिन राज्यभर में 24,453 बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित कर रहे हैं। यह प्रक्रिया 24 जुलाई 2026 तक चलेगी और इसके दौरान राज्य के 2.14 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने खुद भरा फॉर्म
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने अभियान के पहले दिन अपने परिवार के साथ स्वयं गणना फॉर्म भरकर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि जब BLO उनके घर आएं तो उनका पूरा सहयोग करें, ताकि सही और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।
ऐसे होगी पूरी प्रक्रिया
निर्वाचन विभाग के अनुसार, नागरिकों को अपनी हाल ही की रंगीन फोटो के साथ गणना फॉर्म भरकर उस पर हस्ताक्षर करने होंगे और उसे BLO को सौंपना होगा। विभाग ने लोगों से कहा है कि वे फॉर्म की एक प्रति अपने पास भी सुरक्षित रखें। यदि किसी समय घर बंद मिलता है, तो BLO फॉर्म घर के अंदर पहुंचाकर अगले दौरे की जानकारी वाला स्टिकर चिपका देगा। फॉर्म एकत्र करने के लिए BLO तीन बार घर-घर जाएंगे।
परिवार का सदस्य भी जमा कर सकेगा फॉर्म
यदि संबंधित मतदाता घर पर मौजूद नहीं है, तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य रिश्ते की जानकारी देकर उसकी ओर से फॉर्म पर हस्ताक्षर कर BLO को जमा कर सकता है। इससे किसी भी मतदाता का नाम सत्यापन प्रक्रिया से छूटने की संभावना कम होगी।
ऑनलाइन भी उपलब्ध हैं सुविधाएं
निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए ECINet मोबाइल ऐप और मतदाता सेवा पोर्टल की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। इन माध्यमों से मतदाता ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं, जमा कर सकते हैं और ‘बुक ए कॉल विद BLO’ सुविधा के जरिए सीधे अपने BLO से संपर्क भी कर सकते हैं। ऑनलाइन जमा किए गए फॉर्म का सत्यापन संबंधित BLO द्वारा किया जाएगा।
जानिए आगे की महत्वपूर्ण तारीखें
निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तीकरण की प्रक्रिया 24 जुलाई तक पूरी होगी। इसके बाद 3 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया जाएगा। 3 अगस्त से 2 सितंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी, जबकि उनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को जारी होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग बेहद जरूरी है।
