शुक्रवार का दिन बॉक्स ऑफिस के लिए काफी रोमांचक रहा। एक तरफ अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने शानदार ओपनिंग के साथ दर्शकों का ध्यान खींचा, वहीं पहले से सिनेमाघरों में चल रही ‘कॉकटेल 2’, ‘मैं वापस आऊंगा’ और नई पंजाबी फिल्म ‘कैरी ऑन जट्टा 4’ ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के बीच दर्शकों को कई विकल्प मिले, जिसका असर बॉक्स ऑफिस पर भी देखने को मिला।
‘वेलकम टू द जंगल’ ने पहले दिन मचाया धमाल
अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी और कई बड़े कलाकारों से सजी ‘वेलकम टू द जंगल’ ने रिलीज के पहले दिन शानदार शुरुआत की। फिल्म ने 25 जून को पेड प्रीव्यू से 3.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद पहले दिन शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने करीब 15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह पेड प्रीव्यू और पहले दिन की कमाई मिलाकर फिल्म ने कुल 18.75 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।
‘कैरी ऑन जट्टा 4’ की अच्छी शुरुआत
गिप्पी ग्रेवाल और सरगुन मेहता की पंजाबी फिल्म ‘कैरी ऑन जट्टा 4’ भी शुक्रवार को रिलीज हुई। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने पहले दिन लगभग 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि ये शुरुआती आंकड़े हैं और आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद इनमें थोड़ा बदलाव संभव है, लेकिन फिल्म को पंजाब और पंजाबी दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलता दिखाई दे रहा है।
‘कॉकटेल 2’ की कमाई में बरकरार है रफ्तार
शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘कॉकटेल 2’ ने रिलीज का पहला सप्ताह पूरा कर लिया है। पहले सात दिनों में फिल्म ने 70.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं दूसरे शुक्रवार यानी रिलीज के आठवें दिन फिल्म ने शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक 4.25 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़कर 74.75 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
‘मैं वापस आऊंगा’ ने तीसरे हफ्ते भी बनाए रखा दम
निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ नई रिलीज फिल्मों के बीच भी अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने पहले सप्ताह में 12.25 करोड़ रुपये और दूसरे सप्ताह में 22.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। रिलीज के 15वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को फिल्म ने शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार 2.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद फिल्म की कुल कमाई 37.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
