अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आज भी रावण मौजूद हैं, बस उनका रूप बदल गया है। उनके अनुसार, रावण ने माता सीता का हरण किया था, जबकि इस मामले में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच आगे बढ़ने पर अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
बोले- दोषियों को कानून और ईश्वर दोनों का दंड मिलेगा
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सच आखिरकार सामने आता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह माता सीता का हरण करने वाले रावण का अंत हुआ था, उसी तरह यदि कोई मंदिर की दान राशि में गड़बड़ी करता है तो उसे कानून के साथ-साथ ईश्वर के न्याय का भी सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।
8 आरोपियों की गिरफ्तारी, SIT कर रही जांच
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
SIT प्रमुख और लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी थी। रिपोर्ट में सख्त कार्रवाई की सिफारिश की गई थी, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी गई। जांच एजेंसियां अब पूरे मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं
