देश के कई शहरों में ई-रिक्शा को रिमोट से बंद करने वाली दो मोबाइल ऐप्स के खिलाफ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार के निर्देश पर इन ऐप्स को Google Play Store और Apple App Store से हटा दिया गया है। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें कुछ लोग मोबाइल ऐप की मदद से चलते हुए ई-रिक्शा को अचानक बंद करते नजर आए। मामला सामने आने के बाद सरकार ने इसकी जांच शुरू की और ऐप्स को हटाने का फैसला लिया।
BAT-BMS ऐप कैसे बनी चिंता का कारण?
बताया गया कि BAT-BMS नाम की एक चीनी ऐप का इस्तेमाल ई-रिक्शा को नियंत्रित करने के लिए किया जा रहा था। यह ऐप मूल रूप से सोलर सिस्टम, मरीन बैटरी और ऑफ-ग्रिड लिथियम बैटरियों की निगरानी के लिए बनाई गई थी। लेकिन कुछ लोगों ने इसका उपयोग ई-रिक्शा की बैटरी से कनेक्ट होकर उसे बीच सड़क पर बंद करने के लिए करना शुरू कर दिया। इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
ऐप किस तरह करती थी काम?
कई ई-रिक्शा में ब्लूटूथ आधारित बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) लगा होता है। यदि इस सिस्टम को पासवर्ड या अन्य सुरक्षा उपायों से सुरक्षित नहीं किया गया हो, तो कोई भी व्यक्ति ब्लूटूथ के जरिए बैटरी से कनेक्ट हो सकता है। इसके बाद ऐप में मौजूद डिस्चार्ज कंट्रोल विकल्प का इस्तेमाल कर बैटरी की बिजली आपूर्ति रोक दी जाती है, जिससे मोटर बंद हो जाती है और ई-रिक्शा चलना बंद कर देता है।
अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों पर भी हो सकता है असर
विशेषज्ञों के अनुसार, यह ऐप केवल उन्हीं वाहनों पर काम कर सकती है जिनमें इसी प्रकार की ब्लूटूथ सपोर्ट वाली और असुरक्षित लिथियम बैटरी लगी हो। यदि बैटरी का BMS पासवर्ड से सुरक्षित है या कंपनी की अपनी सुरक्षित ऐप के जरिए संचालित होता है, तो इस तरह की बाहरी ऐप उससे कनेक्ट नहीं हो सकती। सरकार अब ऐप स्टोर कंपनियों के साथ मिलकर ऐसे हानिकारक ऐप्स की पहचान और उन्हें प्लेटफॉर्म पर आने से रोकने की दिशा में भी काम कर रही है।
