Apple इस साल अपने iPhone लाइनअप में बड़ा बदलाव कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इस बार एक साथ पांच नए iPhone मॉडल पेश करने की तैयारी में है। सबसे ज्यादा चर्चा कंपनी के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन, जिसे फिलहाल iPhone Ultra Fold के नाम से जाना जा रहा है, को लेकर हो रही है। यदि ऐसा होता है तो Apple पहली बार फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में कदम रखेगा।
एक करोड़ फोल्डेबल यूनिट बनाने का लक्ष्य
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple ने अपने पहले फोल्डेबल iPhone के लिए करीब 1 करोड़ यूनिट तैयार करने का लक्ष्य रखा है। हालांकि, मोबाइल उद्योग इस समय मेमोरी और चिपसेट जैसे महत्वपूर्ण कंपोनेंट की कमी का सामना कर रहा है। ऐसे में कंपनी सप्लाई चेन को ध्यान में रखते हुए अपनी उत्पादन रणनीति पर काम कर रही है।
साल में दो बड़े लॉन्च इवेंट हो सकते हैं
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि Apple अब साल में केवल एक लॉन्च इवेंट तक सीमित नहीं रहना चाहता। कंपनी पहली छमाही में एक बड़ा इवेंट और दूसरी छमाही में दूसरा इवेंट आयोजित करने की योजना बना रही है। इससे नए डिवाइस अलग-अलग समय पर बाजार में उतारे जा सकेंगे और सप्लाई को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा।
फोल्डेबल सेगमेंट में बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा
फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में फिलहाल Samsung, Google, Oppo और Honor जैसे ब्रांड पहले से मौजूद हैं। Apple ने अब तक इस सेगमेंट में कोई डिवाइस लॉन्च नहीं किया है। ऐसे में iPhone Ultra Fold के आने से फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में प्रतिस्पर्धा और बढ़ सकती है।
iPhone 18 Pro सीरीज भी हो सकती है लॉन्च
रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इस साल iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max भी पेश कर सकती है। माना जा रहा है कि प्रीमियम मॉडल्स के साथ फोल्डेबल iPhone को भी लॉन्च किया जा सकता है। इसके अलावा, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि Apple अपने नए iPhone मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकता है। कंपनी हाल ही में iPad और MacBook की कीमतें बढ़ा चुकी है, जबकि iPhone की कीमतों में अब तक कोई बदलाव नहीं किया गया है।
