पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना राज्य के लाखों जरूरतमंद परिवारों तक खाद्य सहायता पहुंचाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 21 लाख से अधिक परिवारों को राशन किट वितरित की जा चुकी हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का फायदा लें।
मंत्री ने बताया कि राशन किट वितरण में लुधियाना जिला सबसे आगे रहा है, जहां अब तक 2.29 लाख से अधिक राशन किट बांटी गई हैं। उन्होंने कहा कि योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सरकार ने 1,000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इससे राज्यभर में जरूरतमंद परिवारों तक नियमित रूप से राशन किट पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
लाल चंद कटारूचक ने कहा कि ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत तैयार की जा रही हर राशन किट की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया निगरानी में संचालित की जा रही है ताकि लाभार्थियों को बेहतर गुणवत्ता की खाद्य सामग्री मिल सके। सरकार का प्रयास है कि वितरण व्यवस्था पारदर्शी रहे और प्रत्येक पात्र परिवार तक समय पर राशन किट पहुंचे।
