पंजाब पुलिस ने ‘गैंगस्टर्स ते वॉर’ अभियान के 171वें दिन राज्यभर में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने विभिन्न जिलों में 625 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान गैंगस्टर नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 348 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और संगठित अपराध पर लगाम लगाने के उद्देश्य से लगातार जारी है।
हथियार भी हुए बरामद
अभियान के दौरान पुलिस ने 3 अवैध हथियार भी बरामद किए। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस लगातार संवेदनशील इलाकों में निगरानी और तलाशी अभियान चला रही है।
46 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के मुताबिक, ‘गैंगस्टर्स ते वॉर’ अभियान शुरू होने से अब तक कुल 46,357 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। राज्य स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत गैंगस्टरों, अपराधियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
नशे के खिलाफ भी जारी है सख्त अभियान
गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ पंजाब पुलिस का ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान भी लगातार जारी है। अभियान के 496वें दिन पुलिस ने 59 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में अब तक 72,813 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी और संगठित अपराध दोनों के खिलाफ एक साथ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
