पंजाब पुलिस ने राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई को और तेज कर दिया है। पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान के 173वें दिन पूरे पंजाब में चिन्हित ठिकानों पर बड़े स्तर पर छापेमारी की गई। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य संगठित अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाना और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
1,074 जगहों पर रेड, 911 लोगों की गिरफ्तारी
अभियान के दौरान पंजाब पुलिस ने राज्यभर में 1,074 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में 911 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 19 घोषित अपराधियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने अभियान के दौरान 6 अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, लगातार चल रही कार्रवाई से गैंगस्टर नेटवर्क पर दबाव बढ़ रहा है।
47 हजार से अधिक गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के मुताबिक, इस विशेष अभियान की शुरुआत से लेकर अब तक 47,685 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि लगातार की जा रही कार्रवाई से अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर करने में सफलता मिल रही है। साथ ही अवैध हथियारों और गैंग से जुड़े अन्य अपराधों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
लोगों से मांगी जा रही गुप्त जानकारी
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी को गैंगस्टरों या आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर पूरी तरह गुमनाम रहकर सूचना दे सकता है। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग और लगातार चल रही कार्रवाई के जरिए राज्य को अपराधमुक्त और अधिक सुरक्षित बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
