पंजाब के तरनतारन जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) को बड़ी सफलता मिली है। दोनों एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई तरनतारन पुलिस और बीएसएफ द्वारा साझा खुफिया सूचना के आधार पर की गई।
खेतों में छिपाकर रखी गई थी हेरोइन
पुलिस के मुताबिक, थाना वल्टोहा क्षेत्र के गांव लखना के खेतों में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान खेतों में छिपाकर रखी गई 10 किलो 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की यह खेप किसके लिए लाई गई थी और इसके पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।
तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
तरनतारन पुलिस ने बताया कि बरामदगी के बाद मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है और तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान के लिए तकनीकी और खुफिया जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत ऐसी संयुक्त कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।
