पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वन विभाग में लंबे समय से कार्यरत 516 कैज़ुअल कर्मचारियों को नियमित करने की बड़ी घोषणा को अमल में लाते हुए मोहाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से दिहाड़ी पर काम कर रहे कर्मचारियों को उनका अधिकार देना सरकार की प्राथमिकता है।
लाल चंद कटारूचक ने नियमित हुए वन विभाग कर्मचारियों को दी बधाई
पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने वन विभाग के नियमित किए गए कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी वर्षों की मेहनत और समर्पण का सम्मान किया गया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग के कर्मचारियों की मेहनत की बदौलत आज पंजाब का पर्यावरण अधिक स्वच्छ और हराभरा बना हुआ है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने लंबे समय से कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित कर उनके भविष्य को सुरक्षित करने का महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
दूसरे विभागों के कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान भरोसा दिलाया कि राज्य के अन्य विभागों में लंबे समय से कैज़ुअल या दिहाड़ी आधार पर काम कर रहे कर्मचारियों को भी चरणबद्ध तरीके से नियमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है और उनकी वर्षों की मेहनत का सम्मान किया जाएगा।
