आम आदमी पार्टी के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने पंजाब सरकार द्वारा निजी स्कूलों की फीस वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए लागू किए गए नए कानून का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला निजी स्कूलों की मनमानी पर प्रभावी रोक लगाएगा और राज्य के लाखों अभिभावकों को आर्थिक राहत देगा।
लोगों से शिकायत दर्ज कराने की अपील
सांसद कंग ने लोगों से अपील की कि यदि कोई निजी स्कूल नए नियमों का उल्लंघन करता है या तय सीमा से अधिक फीस वसूलता है, तो वे इसकी जानकारी उनके खरड़ स्थित कार्यालय में दें। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कानून का पूरी तरह पालन हो और किसी भी अभिभावक के साथ अन्याय न हो।
5 प्रतिशत से अधिक फीस वृद्धि पर रोक
मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि नए कानून के तहत अब कोई भी निजी स्कूल एक साल में 5 प्रतिशत से अधिक फीस नहीं बढ़ा सकेगा। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार का ऐतिहासिक फैसला बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और लाखों परिवारों पर हर साल बढ़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा।
