चंडीगढ़: 27 नवंबर 2026
पंजाब में कर्मचारियों की लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर भगवंत मान सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शुक्रवार को विभिन्न कर्मचारी संगठनों और यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठकें कीं। इन बैठकों में कर्मचारियों की समस्याओं, शिकायतों और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कर्मचारी मामलों के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन हरपाल सिंह चीमा ने यूनियन प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित मांगों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्थिति की जानकारी साझा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भगवंत मान सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यूनियनों की सभी जायज मांगों को जल्द पूरा करने की दिशा में कदम उठाएगी।
छह कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से हुई मुलाकात
दिनभर चली बैठकों के दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने छह कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया। इनमें बेरोजगार लाइब्रेरियन फ्रंट पंजाब, डेमोक्रेटिक मिड-डे मील कुक फ्रंट पंजाब, गवर्नमेंट ड्रग डी-एडिक्शन एंड रिहैबिलिटेशन एंप्लॉयीज यूनियन पंजाब, आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन पंजाब, जॉइंट एक्शन कमेटी एससी/बीसी संगठन पंजाब और पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड एंप्लॉयीज कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स एंड लेबर यूनियन शामिल रहे।
यूनियन नेताओं ने रखीं अपनी मांगें
बैठक में बेरोजगार लाइब्रेरियन फ्रंट पंजाब की ओर से सहायक प्रदेश संयोजक भूपिंदर सिंह, मिड-डे मील कुक फ्रंट की प्रदेश अध्यक्ष हरजिंदर कौर लोपो, ड्रग डी-एडिक्शन एंड रिहैबिलिटेशन एंप्लॉयीज यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष परमिंदर सिंह और आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरजिंदर सिंह औलख ने अपने संगठनों की मांगें रखीं।
इसके अलावा जॉइंट एक्शन कमेटी एससी/बीसी संगठन की ओर से कोऑर्डिनेटर चेयरमैन जसबीर सिंह पाल और वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड कर्मचारी यूनियन की ओर से शेर सिंह ने भी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे वित्त मंत्री के सामने उठाए।
कर्मचारी कल्याण सरकार की प्राथमिकता: हरपाल चीमा
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भगवंत मान सरकार कर्मचारी वर्ग के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और उनके समाधान के लिए यूनियनों के साथ लगातार बातचीत की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी कल्याण सरकार की प्राथमिकता है और कर्मचारियों की जायज मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा।
