पंजाब के होशियारपुर जिले के तलवाड़ा में “एक शाम भगवान शिव जी के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस भक्ति कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिव भक्त और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पंजाब की खुशहाली के लिए मांगा लोगों का साथ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर पंजाब की तरक्की और खुशहाली की कामना की। दोनों नेताओं ने लोगों से राज्य के विकास और बेहतर भविष्य के लिए साथ देने की अपील की। सभा में मौजूद लोगों ने जयकारों के साथ उनका स्वागत किया और समर्थन जताया।
पंजाब में एकता बनाए रखने की अपील
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब की ताकत उसकी एकता है और इसे हर हाल में बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से प्रदेश के विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। मान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंजाब को फिर से मजबूत, खुशहाल और प्रगतिशील राज्य बनाना है, जिसमें हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
विरोधियों पर साधा निशाना
अपने भाषण के दौरान भगवंत मान ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने अपने अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग केवल राजनीति करने में लगे हैं, जबकि उनकी सरकार जनता के लिए काम कर रही है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने हास्यपूर्ण अंदाज में ‘किकली’ भी सुनाई, जिस पर सभा में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिक्रिया दी।
जनता की राय जानने की बात कही
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समय-समय पर सर्वे के जरिए जनता की राय जानती है और उसी आधार पर फैसले लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी उत्साह के साथ सरकार के समर्थन में नारे लगाए ।
