पंजाब पुलिस ने नागरिकों को साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरूकता संदेश जारी किया है। पुलिस ने कहा है कि यदि कोई कॉल, मैसेज, ईमेल या सोशल मीडिया पर मिलने वाला ऑफर आपको संदिग्ध, अजीब या भ्रमित करने वाला लगे तो उस पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी तरह की जल्दबाजी में अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।
परिवार या भरोसेमंद व्यक्ति से लें सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी ऑनलाइन संदेश या फोन कॉल को लेकर मन में शंका हो तो तुरंत किसी भरोसेमंद परिवार के सदस्य या मित्र से सलाह लें। कई बार साइबर अपराधी लोगों को डराकर या लालच देकर ठगी का शिकार बना लेते हैं। ऐसे मामलों में शांत रहना और जानकारी की पुष्टि करना सबसे सुरक्षित तरीका है।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पंजाब पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा शिकायत cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी दर्ज की जा सकती है। समय पर शिकायत करने से कार्रवाई तेज़ी से शुरू होने और नुकसान की भरपाई की संभावना बढ़ सकती है।
