पंजाब पुलिस ने राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘गैंगस्टरों पर वार’ के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के 186वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर पूरे राज्य में चिन्हित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य संगठित अपराध पर रोक लगाना और राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।
583 स्थानों पर छापेमारी, 353 लोग गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने राज्यभर में 583 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में 353 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा लंबे समय से फरार चल रहे 13 घोषित अपराधियों को भी पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 3 हथियार भी बरामद किए हैं।
अभियान में अब तक 52,895 गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के अनुसार, गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की शुरुआत से अब तक 52,895 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लगातार की जा रही कार्रवाई के जरिए गैंगस्टर नेटवर्क को कमजोर करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने का प्रयास किया जा रहा है।
गुप्त सूचना देने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी गैंगस्टर या आपराधिक गतिविधि की जानकारी हो तो उसकी सूचना बिना अपनी पहचान बताए एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर दी जा सकती है। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और पंजाब को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में अभियान आगे भी जारी रहेगा।
