पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने NEET-UG 2026 परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हाल ही में सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा में सफलता हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है।
‘आलोचना आसान, काम करके दिखाना मुश्किल’
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि किए गए कामों की आलोचना करना आसान होता है, लेकिन जमीन पर बदलाव लाकर दिखाना सबसे कठिन काम है। उन्होंने कहा कि पंजाब के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि बेहतर शिक्षा और सही अवसर मिलने पर सामान्य परिवारों के बच्चे भी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल कर सकते हैं।
शिक्षा सुधारों का दिख रहा असर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है। आधुनिक सुविधाएं, बेहतर शिक्षण व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन जैसी पहल का लाभ बच्चों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही सफलता इस दिशा में किए गए प्रयासों की पुष्टि करती है।
‘विद्यार्थी ही हमारे असली मेडल’
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि सरकारी स्कूलों के ये होनहार विद्यार्थी ही पंजाब के असली मेडल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर बच्चे को ऐसी शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिससे वह अपने सपनों को पूरा कर सके और देश-विदेश में पंजाब का नाम रोशन करे।
