पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष कार्रवाई जारी रखी। अभियान के 511वें दिन पुलिस ने अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क को तोड़ने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
हेरोइन, पोस्त और नशीली गोलियां बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 481 ग्राम हेरोइन, 40 किलोग्राम पोस्त, 567 नशीली गोलियां और 1,040 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। बरामद सभी सामग्री को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
11 लोगों को नशा मुक्ति के लिए किया प्रेरित
पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ नशा मुक्ति अभियान पर भी जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि 11 लोगों की काउंसलिंग की गई और उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करते हुए डी-एडिक्शन और पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए तैयार किया गया। पंजाब पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे के शिकार लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने के प्रयास भी लगातार जारी हैं।
